
कानपुर। यशोदा नगर में श्री कृष्ण रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित पौराणिक रामलीला के 48वें वर्ष का शुभारंभ गणेश वंदना, विधि-विधान से पूजन-अर्चन और मनमोहक झांकियों के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नौ दिवसीय इस रामलीला महोत्सव में उत्कृष्ट कलाकारों द्वारा भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के बाल स्वरूप से लेकर रावण वध तक की विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसके माध्यम से दर्शकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के महाप्रबंधक महेंद्र सिंह यादव ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए और उनके पदचिह्नों पर चलकर समाज में सत्य, सदाचार, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए।
रामलीला के शुभारंभ पर प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी प्रमुख लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा कमेटी के ईशान यादव, गोपाल तिवारी, सौरभ यादव, दीपक यादव, दुर्गेश अवस्थी सहित कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: दुर्गेश अवस्थी, कानपुर
















